कांवड़ मेला-2026: एडीजी कानून व्यवस्था ने पुलिस बल को किया ब्रीफ, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात पर विशेष जोर
ऋषिकेश। 30 जुलाई 2026 से शुरू होने वाले कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने सोमवार को ऋषिकेश में देहरादून, टिहरी और पौड़ी जनपदों में तैनात पुलिस बल की संयुक्त ब्रीफिंग की। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, पुलिस उपमहानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), एसएसपी देहरादून, एसएसपी पौड़ी और एसएसपी टिहरी भी मौजूद रहे।
ब्रीफिंग में पुलिस अधिकारियों और जवानों को निर्देश दिए गए कि वे अपने ड्यूटी प्वाइंट की पूरी जानकारी रखते हुए पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करें। श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार रखते हुए उनकी हरसंभव सहायता और मार्गदर्शन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं के वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क कराया जाए तथा पार्किंग स्थलों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। साथ ही मेला मार्ग पर लगने वाली अस्थायी दुकानों और बाहरी व्यापारियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन किया जाए।
अधिकारियों ने बरसात के मौसम को देखते हुए पुलिस कर्मियों को हर समय तैयार रहने, भीड़ और यातायात प्रबंधन में आपसी समन्वय बनाए रखने तथा नीलकंठ मंदिर क्षेत्र में भीड़ बढ़ने की स्थिति में पूर्व निर्धारित डायवर्जन प्लान लागू करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखते हुए अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली भ्रामक पोस्टों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। सेक्टर अधिकारियों से कहा गया कि वे अपने अधीनस्थ पुलिस बल को ड्यूटी प्वाइंट पर जाकर विस्तार से ब्रीफ करें और किसी भी विवाद या आपात स्थिति की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दें, ताकि मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

