मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत पिथौरागढ़ के जिला स्तरीय ट्रायल्स के दूसरे दिन 201 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
पिथौरागढ़।मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत पिथौरागढ़ जनपद में जिला स्तरीय चयन ट्रायल्स जारी हैं। दूसरे दिन आयोजित ट्रायल्स में 10-11 वर्ष एवं 11-12 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चयन ट्रायल्स में कुल 201 खिलाड़ियों (98 बालक और 103 बालिका) ने खेल छात्रवृत्ति पाने के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट, खण्ड शिक्षा अधिकारी कनालीछीना हिमांशु नौंगाई, तथा खण्ड शिक्षाधिकारी गणेश ज्याला ने विभिन्न परीक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया। चयन प्रक्रिया अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में गठित समिति की निगरानी में पारदर्शिता से संपन्न की जा रही है।
खेल छात्रवृत्ति हेतु चयन प्रक्रिया प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित की जा रही है। ट्रायल में 6×10 शटल रन, 30 मीटर फ्लाइंग स्टार्ट, फॉरवर्ड बैंड रीच, मेडिसन बॉल पुट (1 किग्रा.), 600 मीटर दौड़ और स्टैंडिंग ब्रॉड जम्प जैसे इवेंट्स शामिल हैं। पारदर्शिता के लिए प्रत्येक इवेंट की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। प्रतिभागियों के लिए खेल विभाग द्वारा भोजन की व्यवस्था भी की गई।
जिले के श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कुल 100 खिलाड़ियों (प्रत्येक आयु वर्ग में 25 बालक और 25 बालिका) को ₹1500 मासिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। कल ट्रायल्स का अंतिम दिन है जिसमें 12-13 वर्ष और 13-14 वर्ष के बालक-बालिका खिलाड़ियों के चयन ट्रायल्स होंगे।
इस आयोजन को सफल बनाने में जिला खेल समन्वयक बिक्रम सिंह दिगारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी दीपक चंद्र भट्ट, सहायक प्रशिक्षक सतीश कुमार सहित शिक्षा विभाग एवं खेल विभाग के कई प्रशिक्षकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम संचालन भूपेंद्र सिंह चौहान ने किया और अंत में जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने सभी का आभार व्यक्त किया।

