हरिद्वार में पुलिस–बदमाश मुठभेड़, महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

हरिद्वार में पुलिस–बदमाश मुठभेड़, महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
Spread the love
हरिद्वार । कोतवाली नगर क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कांबिंग जारी है।
पुलिस के अनुसार, दुधियाबंद तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल होकर पकड़ा गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। घायल आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए। उसे उपचार के लिए सिविल मेला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिशान (26 वर्ष), निवासी नेहटौर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह और उसका साथी 28 जून को हर की पैड़ी क्षेत्र से एक महिला को बहला-फुसलाकर चंडी चौक के पास गंगा घाट ले गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वहां दोनों ने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में पैसे को लेकर विवाद होने पर महिला द्वारा पुलिस में शिकायत की धमकी देने पर दोनों ने कथित तौर पर चुन्नी से गला घोंटकर और मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद महिला के मोबाइल की सिम नदी में फेंक दी और मोबाइल अपने साथ ले गए।
इस मामले में पहले अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर गठित विशेष टीमों ने आरोपियों तक पहुंच बनाई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने हत्या और अवैध हथियार रखने से जुड़े मामलों में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles