उत्तराखण्ड पंचायत चुनाव में 69.16 प्रतिशत मतदान, महिलाओं ने पुरुषों को पछाड़ा

उत्तराखण्ड पंचायत चुनाव में 69.16 प्रतिशत मतदान, महिलाओं ने पुरुषों को पछाड़ा
Spread the love

देहरादून।उत्तराखण्ड राज्य में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 का मतदान शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 12 जनपदों के 89 विकास खण्डों में मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 69.16 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही।

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 64.23 प्रतिशत पुरुषों की तुलना में 74.42 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया, जो ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतांत्रिक जागरूकता और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक माना जा रहा है। राज्य के सबसे अधिक मतदान वाले जिले में ऊधम सिंह नगर 83.21 प्रतिशत के साथ अव्वल रहा, जबकि सबसे कम मतदान अल्मोड़ा जिले में 59.73 प्रतिशत दर्ज किया गया। देहरादून (77.83%) और उत्तरकाशी (78.81%) जैसे जिलों में भी मतदान प्रतिशत काफी बेहतर रहा।

चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान प्रक्रिया के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और ग्रामीण जनता को धन्यवाद दिया है। सचिव राहुल कुमार गोयल ने कहा कि इस चुनाव ने उत्तराखण्ड में लोकतंत्र की जड़ों को और भी मजबूत किया है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने इसे जनता के गहन लोकतांत्रिक विश्वास और सहभागिता का प्रमाण बताया है, जिससे स्पष्ट होता है कि उत्तराखण्ड की जनता गांव-गांव तक लोकतंत्र की ताकत को पहचान रही है।

देवभूमि खबर

Related articles