अमेठी की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री का शिलान्यास 2010 में मैंने खुद किया था:राहुल गांधी
नई दिल्ली।एजेंसी। 2019 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस के गढ़ अमेठी पहुंचे. इस दौरान उनके निशाने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी थे. उन्होंने भारत-रूस संयुक्त उपक्रम के तहत बनने वाली एके-203 रायफल निर्माण इकाई का उद्घाटन किया और लोगों को संबोधित किया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ लोग (राहुल गांधी) जगह जगह घूमकर भाषण करते रहते हैं- मेड इन उज्जैन, मेड इन जैसलमेर, मेड इन बड़ौदा. लेकिन ये मोदी है… अब यहां बनने वाली राइफल मेड इन अमेठी के नाम से जानी जाएगी. दुनिया की सबसे आधुनिक राइफल एके-203 का अमेठी में निर्माण होगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वार पर राहुल गांधी ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि पीएम ने आदतन झूठ बोला. राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ”प्रधानमंत्री जी, अमेठी की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री का शिलान्यास 2010 में मैंने खुद किया था. पिछले कई सालों से वहां छोटे हथियारों का उत्पादन चल रहा है. कल आप अमेठी गए और अपनी आदत से मजबूर होकर आपने फिर झूठ बोला. क्या आपको बिल्कुल भी शर्म नहीं आती?”

