सरकारी स्कूलों में पीएम पोषण कार्यक्रम के तहत भोजन की स्वच्छता के लिए बीआईएस ने की कार्यशाला का आयोजन
देहरादून। सरकारी स्कूलों में पीएम पोषण कार्यक्रम के तहत बनाये जाने वाले भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा आज एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस “मानक मंथन” कार्यक्रम में शिक्षा विभाग और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की भी भागीदारी रही। 300 से अधिक प्रतिभागी, जिनमें विभिन्न पदाधिकारी, प्रधानाचार्य, और पीएम पोषण संयोजक शामिल थे, ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने स्कूलों में पौष्टिक आहार के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि भोजन बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को सीधे तौर पर प्रभावित करता है, इसलिए इसकी स्वच्छता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना आवश्यक है। बीआईएस देहरादून शाखा के प्रमुख सौरभ तिवारी ने बच्चों के स्वास्थ्य से कोई समझौता न करने की बात कही और स्कूलों को मानकों के अनुरूप सामग्री के उपयोग की सलाह दी।
एफएसएसएआई के अधिशाषी निदेशक यूएस ध्यानी ने ऑनलाइन माध्यम से जोड़ते हुए बच्चों के स्वास्थ्य के लिए विभिन्न एजेंसियों को एकजुट होने का आह्वान किया। समग्र शिक्षा के अपर राज्य परियोजना निदेशक मुकुल सती और संयुक्त निदेशक कुलदीप गैरोला ने कार्यक्रम के महत्व और प्रदेश में 16,428 स्कूलों में मध्यान भोजन की तैयारी पर जानकारी दी।
कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा के उपायुक्त गणेश चंद्र कंडवाल और बीआईएस के वैज्ञानिक सचिन चौधरी ने भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
इस कार्यशाला में खाद्य सुरक्षा के अपर आयुक्त ताजबर सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी, प्रधानाचार्य, और भोजन माताएं भी उपस्थित रहीं।

