उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड को मिला आईसीआरटी इंडिया और उपमहाद्वीप पुरस्कार 2024 का सिल्वर अवॉर्ड
नई दिल्ली। आईसीआरटी इंडिया और उपमहाद्वीप पुरस्कार 2024 के समारोह में उत्तराखंड सरकार के पर्यटन मंत्री श्री सतपाल महाराज ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस समारोह में उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड को स्थानीय समुदायों को रोजगार और कौशल प्रदान करने की श्रेणी में सिल्वर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड की ओर से यह पुरस्कार बोर्ड की अपर निदेशक श्रीमती पूनम चंद ने ग्रहण किया।
इस अवसर पर श्री सतपाल महाराज ने उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड की महत्वपूर्ण पहल पर प्रकाश डाला, जो राज्य के दूरदराज इलाकों में गाइड्स को प्रशिक्षण देकर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस पहल के अंतर्गत, 4050 से अधिक उम्मीदवारों को धरोहर टूर गाइड्स, कुशल टैक्सी चालकों, गेस्ट हाउस केयरटेकर्स, और प्रकृति गाइड्स के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। यह प्रशिक्षण न केवल स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाता है बल्कि राज्य में पर्यटन के समावेशी और स्थायी विकास में भी सहायक है।
श्री महाराज ने कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड में पर्यटन को समृद्ध करने और स्थानीय समुदायों को रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड की भूमिका को सराहा। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण, लिंग समानता और समावेशी विकास को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में पर्यटन मंत्रालय की महानिदेशक सुश्री मुग्धा सिन्हा और आईसीआरटी के संस्थापक निदेशक डॉ. हेरोल्ड गुडविन सहित विभिन्न राज्यों के पर्यटन विभागों के अधिकारी और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

