लाल कुआं दुग्ध संघ के अध्यक्ष पर महिला कर्मी ने लगाए गंभीर आरोप, कांग्रेस ने प्रशासन पर एफआईआर में देरी का आरोप लगाया
देहरादून।लाल कुआं दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा पर संघ में कार्यरत एक महिला कर्मी ने गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके तहत उसने लाल कुआं थाने में तहरीर दी है। इस मामले में उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने पुलिस प्रशासन पर पीड़ित महिला की शिकायत पर कार्रवाई में देरी करने का आरोप लगाया है। दसौनी ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, और सत्ता में मौजूद दल के नेताओं का इन मामलों में शामिल होना स्थिति को और गंभीर बनाता है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और जल्द एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
दसौनी ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं करती है, लेकिन शिकायत पर एफआईआर दर्ज न करना न्याय से वंचित करने के बराबर है। इसी बीच, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्र भुल्लर के नेतृत्व में स्थानीय जनता ने दुग्ध संघ कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए अध्यक्ष का पुतला फूंका और थाने पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। थाना अध्यक्ष ने एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया है।
दसौनी ने अल्मोड़ा के सल्ट में 14 वर्षीय किशोरी के साथ भाजपा के मंडल अध्यक्ष द्वारा की गई छेड़छाड़ का भी जिक्र किया और कहा कि भाजपा को केवल आरोपी का निष्कासन ही नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला अपराधों की बढ़ती घटनाएं चिंताजनक हैं, और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

