डीएम की सख्त चेतावनी: अस्पतालों में मनमानी नहीं चलेगी, आईसीयू संचालन 15 दिन में सुनिश्चित करें
देहरादून । जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिकेश के उप जिला चिकित्सालय प्रबंधन समिति की बैठक में सख्त निर्देश दिए। आईसीयू बंद होने पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने इसे 15 दिन के भीतर चालू करने का आदेश दिया, अन्यथा कार्रवाई की चेतावनी दी। डीएम ने कहा कि सरकारी संसाधन जनसेवा के लिए हैं, मनमानी के लिए नहीं।
उन्होंने 24 घंटे ब्लड बैंक संचालन के लिए अतिरिक्त लैब टैक्निशियन और सहायक तैनात किए, साथ ही अस्पताल को एएलएस एम्बुलेंस और ब्लड बैंक सेपरेटर यूनिट की भी मंजूरी दी। जिलाधिकारी ने सीएमओ को अस्पतालों में सुविधाओं की कमी न होने देने का निर्देश दिया और भविष्य में किसी भी अव्यवस्था की स्थिति में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ संजय जैन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ प्रदीप कुमार चंदोला, समिति के अन्य सदस्यों सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।


