निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस कमेटी की टिहरी में मंथन बैठक सम्पन्न, सरकार पर कड़े आरोप
नई टिहरी ।आगामी निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें शहर की समस्याओं और कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। इस मंथन बैठक का नेतृत्व शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने किया, जिसमें कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में कुलदीप पंवार ने नई टिहरी की जमीनी समस्याओं पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने शहर की टूटी-फूटी सड़कों, बढ़ते बिजली-पानी के बिलों और सीवर से जुड़ी समस्याओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। पंवार ने कहा कि बढ़ते बिलों के कारण जनता पर बोझ बढ़ रहा है, और सरकार को इन बिलों को माफ करने पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे घर-घर जाकर लोगों तक सरकार की नाकामियों की जानकारी पहुंचाएं, ताकि आमजन को वास्तविक स्थिति का अंदाजा हो सके।
बैठक में प्रदेश महामंत्री और पूर्व प्रमुख विजय गुनसोला ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार निकाय चुनाव, छात्र संघ चुनाव, और सहकारिता चुनाव को बार-बार टालने की कोशिश कर रही है। गुनसोला ने कहा कि भाजपा आगामी केदारनाथ उपचुनाव में अपनी संभावित हार से घबराई हुई है, इसलिए निकाय चुनावों को टालने में लगी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस केदारनाथ उपचुनाव में प्रचंड बहुमत से जीतने वाली है, जो सरकार के नकारात्मक कार्यों के प्रति जनता की नाराजगी को दर्शाता है।
प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट ने बैठक में भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल हो चुकी है। उन्होंने देहरादून में बेरोजगार युवाओं पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए इसे सरकार की असंवेदनशीलता का प्रतीक बताया। भट्ट ने आरोप लगाया कि जोंक नगर पालिका के अध्यक्ष माधव अग्रवाल के खिलाफ राजनीतिक विद्वेष की भावना से गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है, जो अत्यंत निंदनीय है। भट्ट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसे राजनीतिक विद्वेष के खिलाफ दृढ़ता से खड़ी है।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की दुर्दशा पर भी चर्चा हुई। भट्ट ने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में एक गर्भवती महिला को टाट के बोरे के सहारे सड़क मार्ग तक लाने की शर्मनाक घटना सामने आई, जो सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं की असफलता को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव जैसी बुनियादी सेवाएं भी उपलब्ध नहीं हैं, और सरकार अपनी प्राथमिक जिम्मेदारियों को निभाने में विफल हो रही है।
बैठक में निकाय चुनावों के संभावित उम्मीदवारों पर भी चर्चा की गई। संभावित दावेदारों ने पार्टी के प्रति एकजुटता का परिचय देते हुए अपना निर्णय पार्टी आलाकमान पर छोड़ने का संकल्प लिया। सभी कार्यकर्ताओं ने निर्णय किया कि जिसे भी पार्टी टिकट देगी, उसे पूरी तरह समर्थन दिया जाएगा और चुनाव में एकजुट होकर काम करेंगे।
बैठक में प्रमुख नेता और कार्यकर्ता हुए शामिल
इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी नई टिहरी के अध्यक्ष कुलदीप पंवार, प्रदेश महामंत्री विजय गुनसोला, प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट के साथ खुशी लाल, लखवीर चौहान (अध्यक्ष युवा कांग्रेस), गब्बर सिंह रावत, गंगा भगत नेगी, नवीन सेमवाल, दिनेश पंवार, वीर सिंह गुनसोला, मनीष पंत, इमरान खान, आशीष चमोली, सरताज अली, अशद आलम, विनोद रावत, वीरेंद्र दत्त, दीपक समेत अन्य कांग्रेसजन भी बैठक में मौजूद रहे।


