पीएम मोदी पर बनी फिल्म चुनाव आयोग के देखने के बाद तय होगी रिलीज डेट

नई दिल्ली।एजेंसी।विवेक ओबेरॉय स्टारर फिल्म ‘पीएम नरेंद्र मोदी’ बीते काफी दिनों से विवादों में फंसी हुई है। फिल्म 5 अप्रैल को रिलीज होनी थी, जिसके बाद इसकी रिलीज डेट 11 अप्रैल की गई। वहीं अब चुनावी माहौल में इस फिल्म को रिलीज करने से रोक दिया गया। बता दें कि फिल्म को टालने के लिए कांग्रेस सहित कई राजनैतिक दल हाईकोर्ट और चुनाव आयोग पहुंचे थे।
चुनाव आयोग ने संज्ञान लेते हुए इसकी रिलीज रोक दी थी। वहीं अब इस फिल्म को लेकर एक और बड़ी खबर आ रही है। माना जा रहा है कि आज फाइनली विवेक ओबेरॉय की किस्मत का फैसला हो जाएगा। चुनाव आयोग के सूत्रों ने बताया कि आयोग फिल्म ‘पीएम नरेन्द्र मोदी’ के निर्माताओं को बुधवार को फिल्म की स्क्रीनिंग के लिए बुला सकता है।
बताया जा रहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्त ने आयोग के अधिकारियों को फिल्म की स्क्रीनिंग की तैयारी करने का आदेश दिया है। संभावना है कि आयोग बुधवार को ही फिल्म देखेगा।

