पीएम मोदी और बैंकों के अलग दावे पर माल्या ने पूछा- झूठ कौन बोल रहा है

नई दिल्ली।एजेंसी।जेट एयरवेज के बहाने तंज कसने वाले भगोड़े कारोबारी विजय माल्या ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। विजय माल्या ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। माल्या ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने दावा किया कि सरकार ने उधार ली गई राशि से ज्यादा वसूल लिया है। वहीं भारतीय बैंकों ने ब्रिटेन की अदालत में कुछ अलग ही दावे किए। माल्या ने ट्वीट किया ‘कोई एक झूठ बोल रहा है।’
माल्या ने ट्वीट किया, ‘भारत के प्रधानमंत्री ने एक इंटरव्यू में कहा कि कथित तौर पर मैंने जितनी राशि, सरकारी और निजी बैंकों से कर्ज ली है, उनकी सरकार ने उससे ज्यादा रिकवर कर लिया है। लेकिन बैंकों का अदालत में दावा अलग है। किस पर यकीन किया जाये. कोई एक तो झूठ बोल रहा है।’
इससे पहले माल्या ने मंगलवार सुबह ट्वीट कर कहा था, ‘मैं फिर से प्रस्ताव दे रहा हूं कि बैंकों का पूरा पैसा चुका दूंगा। हालांकि मीडिया कह रही हैं कि मुझे ब्रिटेन से भारत प्रत्यर्पित किये जाने का डर है। मैं किसी भी तरह से कर्ज चुकाने को तैयार हूं। चाहे मैं लंदन में रहूं या भारत की जेल में।’

