राष्ट्रीय खेल 2024: बिंद्यारानी देवी ने वेटलिफ्टिंग में जीता स्वर्ण, उत्तराखंड को बीच हैंडबॉल में रजत

राष्ट्रीय खेल 2024: बिंद्यारानी देवी ने वेटलिफ्टिंग में जीता स्वर्ण, उत्तराखंड को बीच हैंडबॉल में रजत
Spread the love

देहरादून मणिपुर की स्टार वेटलिफ्टर एस. बिंद्यारानी देवी ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए महिला 55 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता और स्नैच में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। कॉमनवेल्थ खेलों की रजत पदक विजेता बिंद्यारानी ने 88 किग्रा उठाकर स्नैच में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया, जबकि क्लीन एंड जर्क में 113 किग्रा उठाकर कुल 201 किग्रा के साथ स्वर्ण पर कब्जा जमाया। यह उनके अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड 202 किग्रा से मात्र 1 किग्रा कम था, लेकिन इस प्रदर्शन से वे तीनों राष्ट्रीय रिकॉर्ड (स्नैच, क्लीन एंड जर्क और कुल भार) की स्वामी बन गईं। बिंद्यारानी ने अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य 115 किग्रा उठाने का था, लेकिन 112 किग्रा की असफलता के बाद उन्होंने 113 किग्रा का सुरक्षित विकल्प चुना।

मणिपुर को एक और पदक दिलाने वाली एल. नीलम देवी ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने स्नैच में 81 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 101 किग्रा भार उठाया, जबकि पश्चिम बंगाल की शराबानी दास ने कुल 187 किग्रा भार उठाकर रजत पदक हासिल किया। मणिपुर के इन दो पदकों ने राज्य को वेटलिफ्टिंग में शीर्ष स्थान पर ला दिया, जिससे राज्य के खेल इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया।

38वें राष्ट्रीय खेलों के पुरुष बीच हैंडबॉल स्पर्धा के रोमांचक फाइनल में उत्तराखंड ने रजत पदक जीता। शिवपुरी, टिहरी स्थित सैंड बीच पर हुए इस मुकाबले में उत्तराखंड की टीम सर्विसेज से 2-1 के अंतर से पराजित हुई। उत्तराखंड ने पहला सेट 18-21 से जीता, लेकिन सर्विसेज ने दूसरा सेट 17-11 से अपने नाम किया, जिससे मुकाबला शूटआउट तक पहुंचा। निर्णायक शूटआउट में सर्विसेज ने 5-4 से बढ़त बनाकर स्वर्ण पदक जीत लिया।

उत्तराखंड के लिए सुमित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 14 गोल किए और टीम को मजबूती दी। इस रजत पदक के साथ उत्तराखंड की पदक संख्या नौ हो गई है, जिसमें एक स्वर्ण (वुशु), दो रजत (वुशु और बीच हैंडबॉल) और छह कांस्य (वुशु) शामिल हैं। राज्य के खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड की मजबूत उपस्थिति को रेखांकित किया है।

देवभूमि खबर

Related articles