हरिद्वार पुलिस का कड़ा एक्शन, पथराव के मामले में खानपुर विधायक समेत सैकड़ों समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हरिद्वार। पुलिस ने एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के प्रभावशाली नेतृत्व में कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। सर्वधर्म समाज की बैठक को रोकने के लिए पुलिस ने कड़ा पहरा लगाया, जिससे बैठक नहीं हो सकी।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस पर हुए पथराव के मामले में एसएसपी ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इस घटना के बाद खानपुर विधायक समेत सैकड़ों समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हरिद्वार पुलिस उपद्रवियों की धरपकड़ में जुटी है और माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
हरिद्वार पुलिस सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर बनाए हुए है। किसी भी तरह की भ्रामक सूचना प्रसारित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
हुडदंगियों पर पुलिस द्वारा कड़ा रुख अपनाया गया है। बलवा की धाराओं समेत अन्य गंभीर आरोपों के तहत लक्सर कोतवाली और खानपुर थाना क्षेत्र में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनके आधार पर कड़ी कार्रवाई होगी।
शुरुआती जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश से आए करीब 80-90 लोग किसान इंटर कॉलेज ग्राउंड में एकत्र होने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने कानून व्यवस्था के दृष्टिगत उन्हें वहां से हटने को कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस से धक्का-मुक्की की और पत्थरबाजी की। पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया और शांति व्यवस्था कायम की। इस घटना में चार पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
इसी तरह, कोतवाली मंगलौर पुलिस ने लंढौरा में लगभग 100-120 समर्थकों को रोका, जो जबरन लक्सर जाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और धक्का-मुक्की की, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति नियंत्रित की।
लक्सर कोतवाली में पथराव की घटना के संबंध में मु0अ0सं0 148/25 धारा 189(2)/190/191(2)/191(3)/121,132/221/61(2) बीएनएस के तहत खानपुर विधायक उमेश कुमार सहित 200-250 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, थाना खानपुर में मु0अ0सं0-15/2025 धारा 189(2)/190/191(2)/191(3)/121,132/221/61(2)/285 बीएनएस के तहत विकास शर्मा, राजकिशोर शर्मा, प्रवेश भारद्वाज, सतीश भारद्वाज, कपिल पंडित सहित 150-200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई जारी है। हरिद्वार पुलिस ने साफ कर दिया है कि उपद्रव फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

