फर्जी शैक्षिक दस्तावेजों से नौकरी पाने वाला शिक्षक गिरफ्तार
चमोली ।पुलिस ने फर्जी शैक्षिक प्रमाण पत्रों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने वाले आरोपी शिक्षक शिवकुमार सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वर्ष 2008 में फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेसिक शिक्षक के रूप में नियुक्ति प्राप्त की थी, जिसे बाद में विभागीय जांच के बाद बर्खास्त कर दिया गया था।
दिनांक 08 जनवरी 2025 को श्री धर्म सिंह रावत, जिला शिक्षा अधिकारी गोपेश्वर चमोली ने थाना गोपेश्वर में शिकायत दर्ज कराई कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय मेहलचौरी, विकासखंड गैरसैंण में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत शिवकुमार सैनी ने फर्जी शैक्षिक प्रमाण पत्रों के आधार पर नौकरी प्राप्त की थी। इस शिकायत के आधार पर थाना गोपेश्वर में मु0अ0सं0- 03/25, धारा- 318(4)/436(3)/338/340(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक चमोली श्री सर्वेश पंवार के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। जांच में पाया गया कि आरोपी ने वर्ष 1989 में फर्जी इंटरमीडिएट प्रमाण पत्र तैयार किया था, जिसके आधार पर उसने 2008 में शिक्षक की नौकरी प्राप्त की। पुलिस द्वारा आरोपी के बैंक खातों व फर्जी प्रमाण पत्रों से अर्जित संपत्ति की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम ने सर्विलांस सेल की मदद से 05 फरवरी 2025 को आरोपी शिवकुमार सैनी (57 वर्ष), निवासी शिवपुरम, पनियाला रोड, कोतवाली गंगनहर, रुड़की, हरिद्वार को हरिद्वार क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस अब आरोपी की संपत्तियों व बैंक खातों की विस्तृत जांच कर रही है ताकि फर्जी दस्तावेजों से अर्जित अवैध संपत्ति का पूरा खुलासा किया जा सके।
