दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने 12 राजकीय दुग्ध पर्यवेक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र
देहरादून। प्रदेश के दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में 12 नव-नियुक्त राजकीय दुग्ध पर्यवेक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए और उन्हें ईमानदारीपूर्वक अपने दायित्वों के निर्वहन की सीख दी।
इसके बाद मंत्री बहुगुणा ने आंचल दुग्ध उत्पादन और विक्रय की समीक्षा बैठक ली, जिसमें दुग्ध संघों के पदाधिकारियों और अधिकारियों ने दुग्ध उपार्जन एवं विक्रय की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी।
मंत्री ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में आंचल दुग्ध उपार्जन में हुई वृद्धि पर संतोष व्यक्त किया, लेकिन दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों के कम विक्रय पर असंतोष जताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि दुग्ध संघों के प्रबंधक अपने स्टाफ को तीन महीने का समय देते हुए सुधार हेतु नोटिस जारी करें और यदि सुधार नहीं होता तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मंत्री ने निर्देश दिया कि आंचल दुग्ध उत्पादों के विक्रय को बढ़ाने के लिए छह महीने का लक्ष्य निर्धारित किया जाए और इसकी प्रगति रिपोर्ट उन्हें सौंपी जाए।
इसके साथ ही उन्होंने दुग्ध उत्पादों के प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान देने, शहरों में होर्डिंग लगाने, तथा यात्रा स्थलों पर आंचल दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने की योजना बनाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शीतकालीन यात्रा स्थलों, चारधाम यात्रा मार्ग और आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर स्थित दुकानों में आंचल दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि पर्यटकों को भी इसका लाभ मिल सके।
इस बैठक में दुग्ध विकास सचिव बीवीआरसी पुरुषोत्तम, अपर सचिव सुरेश चंद्र जोशी, दुग्ध संघों के अध्यक्ष, निदेशक और अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
