एसएसपी दून की थानों पर आए फरियादियों को अनावश्यक रूप से चक्कर कटाने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी
देहरादून। पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान एसएसपी ने अपराधों की समीक्षा करते हुए शिथिलता बरतने वाले थाना प्रभारियों को सख्त हिदायत दी और निम्नलिखित दिशा-निर्देश जारी किए।
किसी भी अपराध की सूचना पर तत्काल मामला दर्ज किया जाए। यदि किसी थाना प्रभारी द्वारा अपराधों के पंजीकरण में लापरवाही बरती जाती है या पीड़ित को अनावश्यक परेशान किया जाता है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बिना रजिस्ट्रेशन और वैध दस्तावेजों के लोगों को विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाली एजेंसियों पर इमीग्रेशन एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए। ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच कर दोषियों को दंडित किया जाए।
सीसीटीएनएस के तहत सभी राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय पोर्टलों पर सूचनाओं को नियमित रूप से अपडेट किया जाए। थाना प्रभारी व्यक्तिगत रूप से यह सुनिश्चित करें कि सभी सूचनाएं समय पर अपलोड हों। क्षेत्राधिकारी इसकी समय-समय पर मॉनिटरिंग करें ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
अज्ञात शवों की शिनाख्त और बरामद वाहनों के मिलान के लिए एसओपी तैयार कर सभी थाना प्रभारियों को सौंपी गई। इस एसओपी के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
गौकशी और गौतस्करी में लिप्त अभियुक्तों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनकी अवैध संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया तेज की जाए।
थानों में लंबित मालों की समीक्षा कर उन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत शीघ्र निस्तारित किया जाए।
रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। थाना प्रभारी स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करें। रात में अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर सत्यापन किया जाए।
अवैध शराब व मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों की समीक्षा कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। उनके द्वारा अर्जित अवैध संपत्ति की पहचान कर जब्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाए।
यातायात सुरक्षा माह के अंतर्गत सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाएं और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करें।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

