संविधान के आदर्शों को व्यवहार और कार्यशैली में उतारें : मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान के आदर्शों और मूल्यों को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में उतारने की प्रेरणा देता है। कानून का सम्मान, न्याय के प्रति निष्ठा और निष्पक्षता प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की कार्यशैली का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में कानून का राज कायम रखना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर अमल करना राज्य सरकार का संकल्प है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को पुलिस लाइन देहरादून में संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता कार्यक्रमों के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके साथ ही अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात कही।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा एवं अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एससी बिरमानी, गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना एवं डॉ. महेश कुड़ियाल, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् ललित जोशी तथा सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट और सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ एवं ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में न्याय और सत्य को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। महाभारत की विदुर नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था की प्रतिष्ठा तभी बनी रहती है, जब उसके केंद्र में सत्य, न्याय और निष्पक्षता हो। यही सिद्धांत हमारी न्याय व्यवस्था का आधार भी हैं।
उन्होंने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। विवेचना अधिकारियों द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करना, तथ्यों एवं साक्ष्यों को न्यायालय के समक्ष स्पष्ट और निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए मजबूती से पक्ष रखना अभियोजन अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उनकी विधिक दक्षता, मेहनत और निष्पक्षता से आम नागरिकों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होता है।
मुख्यमंत्री ने 26 नवंबर 1949 के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसी दिन संविधान सभा ने दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन के अथक परिश्रम के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। वर्ष 2015 में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक, सरल और नागरिक केंद्रित बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं।
औपनिवेशिक काल के कानूनों के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं। इन नए कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नए न्यायालय भवनों के निर्माण, पुराने भवनों के आधुनिकीकरण, ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इससे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को भी न्याय तक पहुंचने में आसानी हो रही है। सरकार युवा अधिवक्ताओं के कौशल विकास, विधि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और महिला अधिवक्ताओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, सचिव गृह शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन एपी अंशुमान सहित अभियोजन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


