धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पौड़ी पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर भेजा जेल
पौड़ी। पुलिस ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने घटना को गंभीर मानते हुए तत्काल जांच शुरू की और आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
19 फरवरी 2025 को वादी अनिल कुमार निवासी घमण्डपुर, कोटद्वार ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि भाष्कर चौधरी नामक व्यक्ति ने उनके पुत्र सूजल पर चाकू से जानलेवा हमला किया। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी पौड़ी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपी हर्ष उर्फ भाष्कर चौधरी को खूनीबड, कोटद्वार से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी महिला मित्र के अवि नामक युवक से संबंध थे, जिससे नाराज होकर उसने उसे मिलने बुलाया। कहासुनी के दौरान जब सूजल ने बीच-बचाव किया, तो आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और खून से सने कपड़े बरामद कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

