पी.एम. विश्वकर्मा योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न, जिलाधिकारी टिहरी ने दिए आवश्यक निर्देश
टिहरी।पी.एम. विश्वकर्मा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं मॉनिटरिंग को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी ग्राम पंचायतों को जल्द से जल्द पोर्टल पर ऑनबोर्ड करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जीएम, डीआईसी ने बताया कि जनपद के तीन ग्राम प्रधानों/प्रशासकों के फिंगर प्रिंट मिलान न होने के कारण ये ग्राम पंचायतें ऑनबोर्ड नहीं हो पाई हैं। इस पर जिलाधिकारी ने डीपीआरओ और संबंधित खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधार कार्ड अपडेट कर फिंगर प्रिंट समस्या का समाधान किया जाए। साथ ही, जीएम, डीआईसी को अधिक से अधिक लोगों को इस योजना के तहत प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए।
योजना के सभी ट्रेडों की मॉनिटरिंग की गई, जिसमें पंजीकरण, कौशल प्रशिक्षण, टूल किट इंसेंटिव, ऋण सहायता, डिजिटल लेन-देन प्रोत्साहन सहायता और विपणन सहायता की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अन्य विभागों द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में इस योजना को भी शामिल कर जनजागरूकता बढ़ाई जाए।
गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा पी.एम. विश्वकर्मा योजना 18 ट्रेडों के लिए लागू की गई है, जो उत्तराखंड राज्य में भी संचालित हो रही है। इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला कार्यान्वयन समिति गठित की गई है, जो योजना के सफल संचालन के लिए उत्तरदायी है। प्रधानमंत्री स्वयं इस योजना की नियमित समीक्षा कर रहे हैं।
बैठक में सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, एडीएम ए.के. पाण्डेय, पीडी डीआरडीए पी.एस. चौहान, डीडीओ मो. असलम, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, महाप्रबंधक उद्योग एच.सी. हटवाल, डीपीआरओ एम.एम. खन, डीएसटीओ साक्षी शर्मा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

