महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, एलयूसीसी घोटाले, फीस बढ़ोतरी और मिलावटी कुट्टू आटे पर जताया रोष

महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, एलयूसीसी घोटाले, फीस बढ़ोतरी और मिलावटी कुट्टू आटे पर जताया रोष
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने सहकारिता एवं स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत के निवास पर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन एलयूसीसी घोटाले, स्कूलों द्वारा मनमानी फीस बढ़ोतरी और कुट्टू के आटे में मिलावट के विरोध में किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि एलयूसीसी घोटाले ने देवभूमि को कलंकित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि द लोनी अर्बन मल्टी क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसायटी के खिलाफ निवेशकों द्वारा जगह-जगह अपने पैसों की वापसी के लिए किए जा रहे प्रदर्शन शर्मनाक स्थिति पैदा कर रहे हैं। जनता ने सोसायटी पर इसलिए भरोसा किया था क्योंकि यह कृषि मंत्रालय में पंजीकृत थी, लेकिन पोर्टल बंद कर सोसायटी ने जनता को ठगने का काम किया। महिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरते हुए मांग की कि सरकार जनता का पैसा सूद सहित वापस लौटाने का इंतजाम करे, अन्यथा महिला कांग्रेस पूरे राज्य में सरकार और सोसायटी के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगी।

रौतेला ने कुट्टू के आटे में मिलावट से बीमार हुए लोगों के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए कहा कि यह कोई नया मामला नहीं है। इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार को इन मामलों की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने स्कूलों द्वारा फीस में लगातार हो रही बढ़ोतरी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें बेरोजगारों को रोजगार देने में पूरी तरह विफल साबित हुई हैं। रोजगार देने के बजाय सरकार बेरोजगारों पर लाठियां और डंडे बरसाने का काम कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि बेरोजगार और गरीब लोग इतनी महंगी फीस कैसे देंगे? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन न केवल फीस बढ़ा रहा है बल्कि अपने पसंदीदा बुकसेलरों से कॉपी-किताबों के दाम बढ़वाकर कमीशन भी ले रहा है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि स्कूल प्रबंधन, सरकार और बुकसेलर आपस में मिले हुए हैं।

इस विरोध प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महामंत्री निधि नेगी, अनुराधा तिवाड़ी, पुष्पा पंवार, सुशीला शर्मा, शोभा बडोनी, अमृता कौशल, दीपा चौहान, भावना, देवेंद्र कौर, लीला देवी, मंजीत, शकुंतला पुंडीर, रेखा डिंगरा समेत सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं।

देवभूमि खबर

Related articles