जिलाधिकारी पर दुर्व्यवहार और दबाव बनाने का आरोप, आक्रोशित कर्मियों ने गठित किया संयुक्त मोर्चा
देहरादून।जनपद चमोली में जिलाधिकारी श्री संदीप तिवारी पर अभद्र भाषा और दुव्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी को अपने कार्यालय में बुलाकर दबाव बनाया और मना करने पर उनके साथ गाली-गलौच की। इसके अलावा, उन्होंने जेल भिजवाने की धमकी भी दी। इस घटनाक्रम से नाराज कर्मियों ने संयुक्त मोर्चा बनाकर विरोध जताया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2025 को सुबह 6 बजे जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने आबकारी अधिकारी को कार्यालय में बुलाया और एक नोटिस पर जबरन हस्ताक्षर करने के लिए दबाव डाला। मना करने पर अधिकारी से अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि जब अधिकारी ने फोन पर बात करने की कोशिश की तो उनका फोन छीन लिया गया और दो घंटे तक उन्हें कार्यालय में रोका गया। इसके बाद 12 बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहने का आदेश दिया गया।
इसके पहले, 18 मार्च 2025 को भी जिलाधिकारी पर इसी तरह का व्यवहार करने का आरोप लगाया गया था। इसी तरह, 17 मार्च को भी आबकारी आयुक्त के निर्देश पर कार्यवाही के दौरान जिलाधिकारी द्वारा अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने की बात सामने आई थी।
इस घटनाक्रम से आक्रोशित आबकारी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक आपात बैठक आयोजित की। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों तक शिकायत पहुंचाई जाएगी और आवश्यकतानुसार आंदोलन किया जाएगा। बैठक में आबकारी निरीक्षक संघ, उप आबकारी निरीक्षक संघ, सिपाही संघ समेत अन्य संगठनों ने भाग लिया।
संयुक्त मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में उचित कार्यवाही नहीं होती है, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
बैठक के बाद राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तराखंड के अध्यक्ष अरुण पांडे, खाद्य नागरिक आपूर्ति संघ के महामंत्री सुनील जोशी, राज्य परिवहन निगम के शिव प्रकाश नौटियाल समेत कई संगठनों ने भी इस मुद्दे पर समर्थन जताया।

