चारधाम यात्रा-2025 के लिए उत्तराखंड पुलिस की व्यापक तैयारियाँ, IG गढ़वाल रेंज बने नोडल अधिकारी
देहरादून।आगामी चारधाम यात्रा-2025 को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में गढ़वाल रेंज के आईजी श्री राजीव स्वरूप को यात्रा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो यात्रा मार्गों, सुरक्षा व्यवस्थाओं, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की सीधी निगरानी करेंगे।
गढ़वाल रेंज कार्यालय में ‘चारधाम यात्रा कन्ट्रोल रूम’ की स्थापना की जा रही है, जिसकी जिम्मेदारी एसपी ट्रैफिक देहरादून श्री लोकजीत सिंह को दी गई है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे कार्यरत रहेगा और इसमें पुलिस अधिकारियों सहित विभिन्न कर्मियों की तैनाती होगी। इस कंट्रोल रूम से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, यातायात प्रवाह, पार्किंग प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और अन्य विभागों के समन्वय पर नजर रखी जाएगी।
यात्रा मार्गों को इस बार सुरक्षा की दृष्टि से 15 सुपर जोन, 41 जोन और 137 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। इसके अलावा, 09 अपर पुलिस अधीक्षक रूट प्रभारी के रूप में नियुक्त किए गए हैं, जबकि प्रत्येक धाम में एक-एक पुलिस उपाधीक्षक की तैनाती होगी।
इस बार चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कुल 24 पुलिस उपाधीक्षक, 66 निरीक्षक, 366 उपनिरीक्षक, 615 हेड कांस्टेबल, 1222 कांस्टेबल, 208 महिला कांस्टेबल, 926 होमगार्ड, 1049 पीआरडी जवान, 09 पीएसी कंपनियां और 26 एसडीआरएफ की टीमें तैनात की जाएंगी।
यातायात प्रबंधन को लेकर भी विशेष रणनीति तैयार की गई है। आईजी यातायात और उनकी टीम ने यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण शुरू कर दिया है। इसके तहत यमुनोत्री मार्ग पर अतिरिक्त हॉल्टिंग और पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप की तर्ज पर विकासनगर क्षेत्र में भी वाहनों और यात्रियों के प्रबंधन के लिए कैंप की स्थापना की जाएगी।
चारधाम यात्रा मार्गों पर जाम और अव्यवस्था को रोकने के लिए ट्रिप कार्ड जनरेशन की मैनुअल व्यवस्था भी रखी जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए चिकित्सा दलों की तैनाती और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है।
यात्रा मार्गों पर पुलिस बल को प्रभावी रूप से तैनात करने के साथ-साथ प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहा जा सके। इसके अलावा, एक वेलफेयर ऑफिसर नियुक्त किया जाएगा, जो पुलिस कर्मियों और अन्य सहायक टीमों की सुविधाओं का ध्यान रखेगा।
उत्तराखंड पुलिस चारधाम यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और बीते वर्षों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस बार यात्रा प्रबंधन को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाया जा रहा है।

