महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल ,13 अप्रैल को प्रदेशभर में फूंके जाएंगे केंद्र व राज्य सरकारों के पुतले
देहरादून।बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी अब सड़कों पर उतरने जा रही है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन एवं प्रशासन) श्री सूर्यकांत धस्माना ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी दी कि 13 अप्रैल, रविवार को प्रदेश के हर जिला और महानगर मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य व केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन करेंगे।
श्री धस्माना ने कहा कि हाल ही में उत्तराखंड सरकार द्वारा बिजली की दरों में 5.62% की वृद्धि की गई है, जिससे प्रदेशवासियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। वहीं केंद्र सरकार पहले ही एलपीजी सिलेंडर पर ₹50 तथा पेट्रोल-डीजल पर ₹2 प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाकर महंगाई की मार और तेज कर चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र व राज्य सरकारें जनता को कोई राहत देने के बजाय बार-बार मूल्य वृद्धि कर कमर तोड़ रही हैं। “उत्तराखंड एक जल विद्युत उत्पादक राज्य है, यहाँ से देशभर को बिजली सप्लाई की जाती है, इसके बावजूद प्रदेशवासियों को महंगी बिजली खरीदनी पड़ रही है,” श्री धस्माना ने कहा। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा पहले रोडवेज किराया, पानी के बिल, और अन्य करों में भी बढ़ोतरी की गई है।
श्री धस्माना ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें दो वर्षों से लगातार गिर रही हैं, फिर भी केंद्र सरकार ने पिछले तीन वर्षों से पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतें ₹100 के आसपास बनाए रखी हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि हालिया एक्साइज ड्यूटी में वृद्धि से सरकार को ₹36,000 करोड़ की अतिरिक्त आमदनी होगी, जिसे जनता को राहत देने में इस्तेमाल किया जा सकता था।
संविधान बचाओ, सौहार्द बढ़ाओ दिवस – 14 अप्रैल को मनाया जाएगा
पत्रकार वार्ता में श्री धस्माना ने बताया कि 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को प्रदेश कांग्रेस “संविधान बचाओ, सौहार्द बढ़ाओ दिवस” के रूप में मनाएगी। इस अवसर पर प्रदेश के सभी जिला व महानगरों में कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 10 बजे अंबेडकर जी की प्रतिमा या चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके उपरांत विचार गोष्ठियों व सह-भोज का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम की जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष श्री मदन लाल को सौंपी गई है।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के प्रवक्ता श्री गिरिराज किशोर हिंदवाण, श्रम प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्री दिनेश कौशल, तथा सेवा दल के प्रदेश संगठक श्री गोपाल गाड़िया भी उपस्थित रहे।

