एसपी उत्तरकाशी ने ली मासिक अपराध गोष्ठी — चारधाम यात्रा 2025 के सुगम संचालन हेतु दिये दिशा-निर्देश

एसपी उत्तरकाशी ने ली मासिक अपराध गोष्ठी — चारधाम यात्रा 2025 के सुगम संचालन हेतु दिये दिशा-निर्देश
Spread the love

उत्तरकाशी।पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती सरिता डोबाल द्वारा आज पुलिस लाइन ज्ञानसू स्थित भागीरथी कॉन्फ्रेंस हॉल में मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। बैठक में अधीनस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं जानी गईं और समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

बैठक के दौरान एसपी ने चारधाम यात्रा-2025 की तैयारियों की समीक्षा की और उत्तरकाशी पुलिस द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना के अंतर्गत प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में ड्यूटी करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है, और यात्रियों को सुगम व सुरक्षित यात्रा का अनुभव कराना हमारी प्राथमिकता है। सभी अधिकारी व कर्मचारी “अतिथि देवो भव” की भावना से कार्य करें तथा तीर्थयात्रियों के साथ सौम्य और सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करें।

एसपी डोबाल ने यात्रा मार्गों, पुलिस चौकियों, यमुनोत्री पैदल मार्ग के वैकल्पिक रास्तों पर सुरक्षा, सीसीटीवी ग्रिड, पुलिस वैरियर्स, पार्किंग और होल्डिंग प्वाइंट्स पर सभी व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिये। उन्होंने यात्रा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही को अस्वीकार्य बताया।

सैनिक सम्मेलन में गत माह उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित पुलिसकर्मी इस प्रकार हैं:

  1. हे0कानि0 महिपाल सिंह – कोतवाली मनेरी
  2. हे0कानि0 चन्द्र बल्लभ – थाना बड़कोट (मैन ऑफ द मंथ)
  3. हे0कानि0 संजय सिंह धनाई – थाना बड़कोट (मैन ऑफ द मंथ)
  4. कानि0 डोडी सिंह – थाना धरासू (मैन ऑफ द मंथ)

एसपी डोबाल ने लंबित विवेचनाओं, समन, वारंट एवं शिकायतों के शीघ्र निस्तारण हेतु अभियान चलाने के निर्देश भी दिए, ताकि यात्रा आरंभ होने से पूर्व सभी कार्य पूर्ण हो सकें। इसके साथ ही, नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को निरंतर जारी रखने के भी निर्देश दिये गये।

इस अवसर पर डीजीसी श्री प्रवीन सिंह एवं सहायक अभियोजन अधिकारी श्री राघवेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा एनडीपीएस एक्ट, पोक्सो अधिनियम आदि प्रकरणों की विवेचना में पारदर्शिता लाने को लेकर उपस्थित विवेचकों को मार्गदर्शन दिया गया।

इस मासिक गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी श्री जनक सिंह पंवार, पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट श्री देवेन्द्र सिंह नेगी, सभी थाना, कोतवाली एवं स्टेशन प्रभारी सहित अनेक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles