ऋषिकेश में गंगा में नहाते समय मेरठ का युवक बहा, एसडीआरएफ और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
टिहरी/ऋषिकेश। थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के गुलर स्थित सिरासू पुल के पास गंगा नदी में स्नान के दौरान मेरठ निवासी एक युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम और लक्ष्मणझूला पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका था।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 2 बजे मेरठ (उत्तर प्रदेश) से आए पांच युवक गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान 23 वर्षीय सार्थक पुत्र विनोद कुमार का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। कुछ दूरी पर जाकर वह नदी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम ढालवाला मौके पर पहुंची। टीम ने लक्ष्मणझूला पुलिस के साथ मिलकर नदी के संभावित स्थानों पर डीप डाइविंग उपकरणों और कांटों की सहायता से गहन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, गंगा का जलस्तर सामान्य से काफी अधिक होने के कारण युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सर्च अभियान लगातार जारी है।
डूबे युवक की पहचान सार्थक (23 वर्ष) पुत्र विनोद कुमार, निवासी खाकर खेड़ा बाईपास, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह गाजियाबाद की एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था।
इस घटना के बाद एसडीआरएफ उत्तराखंड ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वर्तमान में गंगा नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। ऐसे में असुरक्षित स्थानों पर स्नान करने या नदी के किनारे जाने से बचें तथा केवल अधिकृत और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

