पौड़ी पुलिस का सख्त एक्शन, 13 शराबी चालक गिरफ्तार, वाहन सीज, लाइसेंस किए निरस्त
पौड़ी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री लोकेश्वर सिंह के निर्देश पर जनपद में शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और रैश ड्राइविंग जैसे गंभीर यातायात उल्लंघनों के खिलाफ सख्त चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी क्रम में 17 अप्रैल 2025 को जनपद के सभी थाना और यातायात प्रभारियों द्वारा दिन और रात में चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान कुल 13 वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाने के आरोप में मौके पर गिरफ्तार किया गया। इनमें यातायात कोटद्वार से 4, कोटद्वार से 3, लक्ष्मणझूला से 2, पौड़ी, लैंसडाउन, श्रीनगर और यातायात श्रीनगर से एक-एक चालक शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ एमवी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन सीज कर दिए गए और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
इसके अतिरिक्त, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 194 चालकों के विरुद्ध भी सख्त चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।

