पुरानी पेंशन योजना की बहाली को लेकर NMOPS उत्तराखंड का आंदोलन तेज, जंतर-मंतर से तिलाड़ी तक बड़े कार्यक्रम तय
देहरादून।पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आन्दोलन (NMOPS), उत्तराखण्ड द्वारा नई पेंशन योजना (NPS) और यूनिफाइड पेंशन योजना (UPS) के विरोध में आगामी दिनों में व्यापक आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की घोषणा की गई है। इस सिलसिले में गैरसैंण, चमोली में हुए सफल “आक्रोश मार्च” के बाद आंदोलन को और अधिक गति देने की रणनीति तय की गई है।


आन्दोलन की कड़ी में सबसे पहले 1 मई 2025 को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के आह्वान पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 30 मई को तिलाड़ी शहीद दिवस के अवसर पर सभी जनपद मुख्यालयों पर कार्यक्रम होंगे, जबकि उत्तरकाशी के बड़कोट स्थित तिलाड़ी शहीद स्थल पर प्रदेश स्तर का बड़ा “पेंशन समागम” आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रांतीय और गढ़वाल मंडल कार्यकारिणी की भागीदारी सुनिश्चित रहेगी।
इसके अलावा, 29 जून को सभी जनपदों में एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम जनपद कार्यकारिणियों की अगुवाई में आयोजित किया जाएगा। जुलाई और अगस्त माह में सभी जनपद व ब्लॉक कार्यकारिणियां जनप्रतिनिधियों—जैसे नगर पालिका अध्यक्ष, विधायक, सांसद आदि—को ज्ञापन सौंपेंगी और सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
NMOPS ने सभी जनपद अध्यक्षों और सचिवों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरण कार्यक्रमों को सक्रियता से संपन्न करें और आंदोलन को और व्यापक रूप दें। संगठन को उम्मीद है कि एकजुट प्रयासों से पुरानी पेंशन की बहाली का सपना शीघ्र ही साकार होगा।

