जीवन में सफलता के लिए खेल भावना आवश्यक तत्व : कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल

जीवन में सफलता के लिए खेल भावना आवश्यक तत्व : कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल
Spread the love

देहरादून । डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी में आयोजित इंटर यूनिवर्सिटी टेबल टेनिस चैंपियनशिप में दून विश्वविद्यालय ने भाग लिया और टीम चैंपियनशिप में विजयी रहा। दून विश्वविद्यालय की टीम ने फाइनल में डीएवी कॉलेज को 3-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम में पार्थ डंगवाल, अक्षित पोखरियाल और श्रृष्टि कला शामिल रहे।

श्रृष्टि कला ने महिला सिंगल्स में तीसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने तीसरे स्थान के लिए खेले गए प्लेऑफ मुकाबले में डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी की कानिका को हराया। वहीं, अक्षित और पार्थ की जोड़ी ने पुरुष डबल्स में दूसरा स्थान प्राप्त किया। मिक्स्ड डबल्स में श्रृष्टि और पार्थ की जोड़ी ने फाइनल में डीबीएस की रक्षिता और श्रेयन को हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।

दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सुरेखा डंगवाल ने विश्वविद्यालय की टीम की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत, समर्पण और टीम भावना के बल पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने न केवल उनकी प्रतिभा को दर्शाया है, बल्कि विश्वविद्यालय की खेलों में प्रतिबद्धता को भी उजागर किया है। कुलपति ने बताया कि टीम ने कुल ₹10,000 का पुरस्कार जीता है। उन्होंने पार्थ डंगवाल, अक्षित पोखरियाल और श्रृष्टि कला को व्यक्तिगत और टीम वर्क के लिए बधाई दी और उम्मीद जताई कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेगी।

प्रो. डंगवाल ने कहा कि दून विश्वविद्यालय खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस तरह की उपलब्धियां आने वाले समय में विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को और मजबूत करेंगी। उन्होंने टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि खिलाड़ी आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।

देवभूमि खबर

Related articles