पिथौरागढ़ पुलिस की “ऑपरेशन मुक्ति” पहल: 11 स्कूली वंचित बच्चों का कराया स्कूलों में दाखिला
पिथौरागढ़।उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में संचालित “ऑपरेशन मुक्ति” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ श्रीमती रेखा यादव के नेतृत्व में जिले की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) द्वारा एक सराहनीय कार्य किया गया है।
अभियान की शुरुआत से टीम द्वारा ऐसे 30 बच्चों की पहचान की गई, जो किसी न किसी पारिवारिक, सामाजिक या आर्थिक कारणवश विद्यालय नहीं जा रहे थे या स्कूल छोड़ चुके थे। इन बच्चों के अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें दोबारा स्कूल भेजने हेतु प्रेरित किया गया।
अभियान के दूसरे चरण में AHTU टीम प्रभारी उ0नि0 बी.सी. मासीवाल के नेतृत्व में हे0का0 दीपक खनका, का0 निर्मल किशोर एवं का0 रणवीर कम्बोज द्वारा 11 बच्चों का पिथौरागढ़ के विभिन्न विद्यालयों में विधिवत दाखिला कराया गया।
टीम द्वारा इन बच्चों को शैक्षिक सामग्री जैसे कॉपी-किताबें, स्टेशनरी एवं स्कूल बैग भी उपलब्ध कराई जाएगी ताकि वे निर्बाध रूप से पढ़ाई कर सकें। इसके अलावा, पुलिस टीम बच्चों के साथ समय-समय पर संपर्क बनाकर उनकी समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान भी करेगी, जिससे वे भविष्य में स्कूल छोड़ने के लिए मजबूर न हों।
इस मानवीय पहल से बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है और अभिभावकों में भी नई आशा जगी है। बच्चे उत्साहपूर्वक विद्यालय जाने लगे हैं, जिससे “ऑपरेशन मुक्ति” अभियान को जमीनी स्तर पर सार्थक सफलता मिल रही है।

