श्री हेमकुंट साहिब यात्रा की तैयारियों को लेकर ट्रस्ट अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से की भेंट, बैले ब्रिज निर्माण के लिए जताया आभार
देहरादून।श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट* के अध्यक्ष श्री नरेंद्र जोत सिंह बिंद्रा ने शनिवार को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर आगामी श्री हेमकुंट साहिब यात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान श्री बिंद्रा ने गोविंदघाट में पिछले माह भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हुए पैदल पुल के स्थान पर निर्माणाधीन बैले ब्रिज के लिए मुख्यमंत्री जी का आभार प्रकट किया। साथ ही, 22 मई को पहले जत्थे की रवानगी के अवसर पर मुख्यमंत्री जी को ऋषिकेश पधारने का निमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने इस वर्ष यात्रा के दौरान स्वयं श्री हेमकुंट साहिब के दर्शन करने की इच्छा जताई, जिस पर ट्रस्ट ने उनके उत्साह और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
ज्ञात हो कि पिछले माह हुए भूस्खलन के चलते गोविंदघाट का पैदल पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वहां बैले ब्रिज के निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर अंजाम दिया जा रहा है, जो इस माह के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
वहीं, भारतीय सेना ने घांघरिया तक ट्रैक रूट से बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया है ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा में कोई कठिनाई न हो। श्री हेमकुंट साहिब के कपाट 25 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।
राज्य सरकार, जिला प्रशासन और श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट मिलकर यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने हेतु पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।
ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री, राज्य सरकार, जिला प्रशासन, सेना और सभी सहयोगी विभागों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इस वर्ष की श्री हेमकुंट साहिब यात्रा ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित होगी।

