बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का ऋषिकेश और श्रीनगर में भव्य स्वागत, विश्राम गृहों का किया निरीक्षण
ऋषिकेश/श्रीनगर। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत तीर्थनगरी ऋषिकेश से हुई, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व राज्यसभा सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोहर कांत ध्यानी से भेंट कर यात्रा व्यवस्थाओं और समसामयिक विषयों पर चर्चा की।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने ऋषिकेश स्थित मंदिर समिति के चंद्रभागा विश्राम गृह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल मालाएं और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उन्हें देवभूमि की सेवा का सौभाग्य मिला है, इसके लिए वह आभार व्यक्त करते हैं।
इसके पश्चात उन्होंने देवप्रयाग, मलेथा और श्रीनगर गढ़वाल में विभिन्न विश्राम गृहों का निरीक्षण किया। देवप्रयाग में नगर पंचायत अध्यक्ष ममता देवी, जबकि मलेथा में विधायक विनोद कंडारी सहित कई कार्यकर्ताओं ने शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया।
श्रीनगर गढ़वाल में जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, पूर्व पालिकाध्यक्ष विपिन मैठाणी, व्यापार सभा अध्यक्ष वासुदेव कंडारी सहित कई गणमान्यजनों ने स्वागत किया। अध्यक्ष द्विवेदी ने डालमिया विश्राम गृह का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार हेतु निर्देश दिए।
इस दौरान मंदिर समिति के अधिशासी अभियंता अनिल ध्यानी, ओएसडी कृष्ण मोहन रतूड़ी, डॉ. हरीश गौड़ (मीडिया प्रभारी) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

