सराय फायरिंग कांड में हरिद्वार पुलिस का एक्शन – दो गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद
हरिद्वार।ज्वालापुर क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर सराय में 10 मई की शाम दो गुटों के बीच हुए झगड़े और फायरिंग की घटना के बाद हरिद्वार पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को एमडीटी के माध्यम से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में गोलीबारी हो रही है। सूचना मिलते ही कोतवाली ज्वालापुर से पुलिस बल मौके पर रवाना हुआ, जहां भगदड़ की स्थिति देखी गई।
मौके से भागते हुए दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो सामने आया कि वंश सैनी और सावन भास्कर नामक युवकों के बीच पुरानी रंजिश के चलते विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने मौके पर अपने-अपने 8–10 लड़कों को बुला लिया, जिन्होंने पहले लाठी-डंडों और सरियों से हमला किया और फिर जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं। पुलिस ने मौके से .315 बोर का एक देसी तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
गिरफ्तार युवकों की पहचान महेश पुत्र मनोज (उम्र 24 वर्ष) और रंजीत पुत्र रामलाल (उम्र 23 वर्ष), निवासी सीतापुर, ज्वालापुर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा अपराध संख्या 225/2025 अंतर्गत धारा 3(5), 191(2), 191(3), 190 व 109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जो लोग कानून हाथ में लेंगे, उन्हें कानून की छतरी के नीचे लाया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि मर्यादा तोड़ने वालों को अब कानून मर्यादा सिखाएगा।

