एसएसपी दून की सख्ती का असर – नगर निगम रिकॉर्ड चोरी का खुलासा, एक गिरफ्तार

एसएसपी दून की सख्ती का असर – नगर निगम रिकॉर्ड चोरी का खुलासा, एक गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। नगर निगम रिकॉर्ड रूम में चोरी की घटना का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष निर्देश जारी किए गए, जिनके अनुपालन में कोतवाली नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया रजिस्टर आशारोड़ी के जंगल से बरामद किया गया है।

पूरा मामला 6 मई 2025 को प्रकाश में आया, जब नगर निगम अनुभाग के रिकॉर्ड प्रभारी राकेश पाण्डेय ने थाना कोतवाली नगर में तहरीर दी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा 4 मई की रात रिकॉर्ड रूम का ताला तोड़कर एक रजिस्टर चोरी कर लिया गया है। पुलिस ने तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की। गठित पुलिस टीम ने मौके के आसपास के CCTV फुटेज का विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 11 मई को सहारनपुर निवासी 33 वर्षीय रविन्द्र राणा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता है और राजपुर रोड स्थित एक प्लॉट की बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की प्रक्रिया में था। कागजातों में कमी के कारण दाखिल खारिज में बाधा आ रही थी, जिस पर आरोपी को प्लॉट मालिक राजकिशोर जैन ने नाम चढ़वाने के एवज में मोटा कमीशन देने का लालच दिया। इसके बाद आरोपी ने अपने भाई और एक दोस्त के साथ मिलकर नगर निगम के रिकॉर्ड रूम से रजिस्टर चुराने की योजना बनाई।

4 मई की रात तीनों आरोपी देहरादून पहुंचे। देर रात मौका देखकर उन्होंने निगम भवन के पीछे से प्रवेश कर रिकॉर्ड रूम का ताला तोड़ा और दस्तावेजों की तलाश शुरू की। उन्हें वांछित रजिस्टर नहीं मिला, लेकिन गलती से एक अन्य रजिस्टर लेकर चले गए। सुबह होने पर रजिस्टर को वापस रखने का अवसर न मिल पाने के कारण उसे आशारोड़ी जंगल में पन्नी में लपेटकर छिपा दिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उक्त रजिस्टर बरामद कर लिया है, जो वार्ड नंबर 12 बकरालावाला के भवन और भूमि के वार्षिक मूल्यांकन से संबंधित है।

पुलिस टीम में व0उ0नि0 मनमोहन सिंह नेगी, उ0नि0 प्रवेश रावत, अ0उ0नि0 राजेश शाह, हे0का0 हर्षवर्धन सिंह, का0 लोकेन्द्र उनियाल, का0 नरेन्द्र सिंह और का0 संदीप शामिल रहे, जिन्होंने मामले का सफल अनावरण किया।

देवभूमि खबर

Related articles