वाह री सरकार! प्रबंध निदेशकों के पद भी भरोगे बाहर से – जन संघर्ष मोर्चा

वाह री सरकार! प्रबंध निदेशकों के पद भी भरोगे बाहर से – जन संघर्ष मोर्चा
Spread the love

भंडारागार निगम, रेशम फेडरेशन व सहकारी संघ में खुले बाजार से भर्ती पर भड़का विरोध

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं उत्तराखंड राज्य भंडारागार निगम के संरक्षक तथा जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने सरकार पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सहकारिता विभाग द्वारा उत्तराखंड राज्य भंडारागार निगम, उत्तराखंड रेशम फेडरेशन और उत्तराखंड सहकारी संघ में प्रबंध निदेशक (एमडी) के पदों को खुले बाजार से भरने की प्रक्रिया बेहद गैरजिम्मेदाराना और निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि इस फैसले से स्पष्ट होता है कि सरकार मानसिक रूप से दिवालिया हो चुकी है और अपने चहेतों को एडजस्ट करने के लिए इस प्रकार की नीतियों का सहारा ले रही है।

नेगी ने कहा कि पूर्व में इन पदों पर प्रतिनियुक्ति के माध्यम से विभागीय अधिकारियों या आईएएस/पीसीएस अधिकारियों की नियुक्ति की जाती थी, लेकिन अब सरकार ने जो विज्ञप्ति जारी की है, वह केवल औपचारिकता भर है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अगर सरकार को सब कुछ बाहर से ही भरना है तो मुख्य सचिव और सचिव जैसे अहम पदों को भी खुले बाजार से भरवा देना चाहिए।

मोर्चा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार के इस कदम से यह संदेश जाता है कि उसके पास योग्य और सक्षम अफसरशाही नहीं बची है। उन्होंने कहा कि यह कदम प्रदेश को लूटने की खुली छूट देने जैसा है और मोर्चा इस साजिश का विरोध करते हुए जन आंदोलन छेड़ेगा।

पत्रकार वार्ता में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार और दिलबाग सिंह भी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles