सत्यापन अभियान में हरिद्वार पुलिस की बड़ी कामयाबी, अभियान में बांग्लादेशी महिला, उसका बेटा और भारतीय पति गिरफ्तार
हरिद्वार – एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में हरिद्वार जिले में चलाए जा रहे सघन सत्यापन अभियान का बड़ा असर देखने को मिला है। इस अभियान के तहत कोतवाली हरिद्वार पुलिस व अभिसूचना इकाई ने एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में अवैध रूप से रह रही एक बांग्लादेशी महिला, उसके बेटे और भारतीय पति को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, उक्त महिला करीब 10 वर्ष पूर्व अपने 5 वर्षीय बेटे के साथ अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थी। बाद में उसने बरेली पीलीभीत निवासी संतोष दुबे से विवाह कर अपनी पहचान बदल ली और झोपड़ी में रहकर फर्जी आधार व पैन कार्ड तैयार कराए। महिला का असली नाम रूबिना था, जिसे बदलकर रूबी देवी कर दिया गया था।
पुलिस टीम को महिला के मोबाइल फोन से उसके बांग्लादेश में रह रहे भाई और पिता से संपर्क के साक्ष्य भी प्राप्त हुए हैं। मौके से एक मोबाइल फोन, दो मूल आधार कार्ड, चार आधार कार्ड की छायाप्रतियां, दो पैन कार्ड की प्रतियां और एक प्रार्थना पत्र भी बरामद किया गया है।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि यह मामला अवैध घुसपैठ से जुड़ा हुआ है और इसमें बारीकी से जांच की जा रही है। पति, पत्नी और बेटे को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई जारी है। सत्यापन अभियान के सकारात्मक रुझान से यह साफ है कि पुलिस की सजगता से समाज में सुरक्षा का माहौल सुदृढ़ हो रहा है।

