कालाढूंगी में आबादी क्षेत्र में शराब की दुकान खोलने का विरोध, सैकड़ों लोगों ने किया प्रदर्शन

कालाढूंगी में आबादी क्षेत्र में शराब की दुकान खोलने का विरोध, सैकड़ों लोगों ने किया प्रदर्शन
Spread the love

रिपोर्ट। ललित जोशी।

नैनीताल। जनपद नैनीताल के कालाढूंगी क्षेत्र में आबादी वाले क्षेत्र में नई शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन किया। लोगों ने शराब की दुकान को आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग करते हुए कहा कि पहले जिस स्थान पर दुकान खोली गई थी, वहां भारी विरोध के बाद इसे कालाढूंगी के रिहायशी इलाके में स्थानांतरित किया गया है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने शराब की दुकान के विरोध में नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय तक जुलूस निकाला। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि जब तक शराब की दुकान को बंद या अन्यत्र स्थानांतरित नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आबादी वाले क्षेत्र में शराब की दुकान का संचालन सामाजिक और पारिवारिक वातावरण के लिए उचित नहीं है।

आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ-साथ मातृशक्ति का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र के लोगों की भावनाओं की अनदेखी कर शराब की दुकान का आवंटन किया गया है, जिसे वे किसी भी हाल में चलने नहीं देंगे।

क्षेत्रवासियों ने जिला अधिकारी, आबकारी अधिकारी तथा एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की। उनका कहना है कि रिहायशी क्षेत्र में शराब की दुकान का आवंटन जनहित के विपरीत है।

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अरनव कम्बोज, हरिओम तिवारी, कमल अधिकारी, नेहा पंत, किरण जोशी, कमला देवी, गीता जोशी सहित सैकड़ों क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles