हरिद्वार पुलिस ने लाठी-डंडों से लैस 10 युवक दबोचे, बड़ी वारदात टली

हरिद्वार पुलिस ने लाठी-डंडों से लैस 10 युवक दबोचे, बड़ी वारदात टली
Spread the love

हरिद्वार। जनपद की कोतवाली मंगलौर क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते बड़ी घटना को टालते हुए 10 युवकों को लाठी, डंडे और लोहे की रॉड के साथ गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देशन में चौकी नारसन पुलिस द्वारा की गई। दरअसल, 20 मई को चौकी नारसन को एक गोपनीय सूचना प्राप्त हुई कि मोहम्मदपुर झाल क्षेत्र में कुछ युवक भारी संख्या में हथियारों के साथ एकत्रित हैं और किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी एसआई हेमदत्त भारद्वाज और उनकी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख कुछ युवक खेतों की ओर भाग निकले, लेकिन त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 युवकों को दबोच लिया गया और उनके कब्जे से लाठी-डंडे व लोहे की रॉड बरामद की गई।

पूछताछ में सामने आया कि कुछ दिन पहले मुजफ्फरनगर में एक शादी समारोह के दौरान आरोपितों का कुछ अन्य युवकों से विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट भी हुई थी। उसी रंजिश के चलते यह पक्ष मोहम्मदपुर झाल के पास एकत्रित हुआ था। इन्हें सूचना मिली थी कि विपक्षी पक्ष के युवक एक काली गाड़ी से वहां से गुजरने वाले हैं, जिन्हें रास्ते में घेरकर हमला करने की योजना थी।

हरिद्वार पुलिस ने समय रहते इस साजिश को नाकाम करते हुए न केवल बड़ी संज्ञेय घटना को टाल दिया, बल्कि मौके से तीन दोपहिया वाहन भी सीज किए हैं। अन्य फरार युवकों की तलाश की जा रही है और पूरे मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों में अमित, बिलकिश, रामधन, अमन, ऋषभ, परिक्षित, अभिषेक, यशपाल, अरविंद और लालकमल शामिल हैं, जो लिब्बरहेड़ी, जमालपुर कनखल और सहारनपुर के रहने वाले हैं।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी एसआई हेमदत्त भारद्वाज के साथ कांस्टेबल सुधीर, कांस्टेबल पंकज, होमगार्ड अवधेश और पीआरडी आदेश शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles