टिहरी पुलिस लाइन चंबा में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 22 कार्मिकों को किया गया सम्मानित
टिहरी ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस लाइन चंबा में मासिक अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक से पूर्व उत्साहवर्धन हेतु वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 22 पुलिस कार्मिकों को “Employee of the Month” घोषित करते हुए नकद धनराशि और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
बैठक में एसएसपी ने पुलिस कार्मिकों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण हेतु आवश्यक निर्देश दिए। जनपद में घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए थानों में आपदा उपकरणों की जांच सुनिश्चित करने, SDRF से समन्वय बनाए रखने और रिस्पांस टाइम पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही गृह मंत्रालय द्वारा प्रदत्त ड्रग्स डिक्टेशन किट, क्राइम किट और बीट मोबाइल डाटा को अपडेट करने के निर्देश भी जारी किए गए।
मुनि की रेती हत्या कांड का सफल खुलासा करने वाली टीम की एसएसपी ने सराहना की। अपराधियों पर निगरानी के लिए बाजारों, भीड़भाड़ वाले और ट्रैफिक बॉटल नेक स्थानों पर सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए गए। यातायात नियमों के उल्लंघन जैसे शराब पीकर वाहन चलाना, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और मोबाइल का प्रयोग करते हुए ड्राइविंग के मामलों में अधिकतम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सड़क दुर्घटनाओं की रिपोर्टिंग में सटीकता लाने हेतु चालक का मोबाइल नंबर मौके पर ही दर्ज करने और पुराने चालान कोर्ट में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही NDPS एक्ट के तहत मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई बढ़ाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक में लंबित विवेचनाओं और पुनर्विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, कोर्ट से निर्गत आदेशों की तामील, सीनियर सिटीजन पोर्टल, सीएम हेल्पलाइन, “अपनी सरकार” पोर्टल जैसी जनशिकायत प्रणालियों की समीक्षा करते हुए इन शिकायतों को प्राथमिकता से हल करने पर बल दिया गया। सड़क दुर्घटना संबंधित रिपोर्टिंग के लिए MACT व iRAD पोर्टल पर समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
एसएसपी ने सत्यापन अभियान में तेजी लाते हुए आधार स्कैनिंग और डेटा को एक्सल शीट में संकलित करने के साथ साइबर शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक जे.आर. जोशी, सीओ टिहरी ओशिन जोशी, सीओ नरेंद्रनगर सुरेन्द्र सिंह भंडारी, सीओ चंबा महेश लखेड़ा सहित जनपद के समस्त थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी व प्रतिसार निरीक्षक उपस्थित रहे।

