समय पर परीक्षाफल घोषित करना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता: कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल
देहरादून।दून विश्वविद्यालय में सम-सेमेस्टर परीक्षाओं का केन्द्रीय मूल्यांकन कार्य अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एच.सी. पुरोहित के संयोजकत्व में प्रारंभ हो गया है। कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने बताया कि विश्वविद्यालय शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप मिड सेमेस्टर, प्रायोगिक तथा एंड सेमेस्टर परीक्षाओं का संचालन करता है। इस वर्ष की सम-सेमेस्टर परीक्षाओं के साथ ही मूल्यांकन कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। अंतिम सेमेस्टर परीक्षाएं 5 जून को संपन्न होंगी तथा विश्वविद्यालय का लक्ष्य है कि जून के पहले सप्ताह में ही परीक्षाफल घोषित कर दिए जाएं, जिससे छात्र उच्च शिक्षा संस्थानों में समय पर आवेदन कर सकें।
प्रो. एच.सी. पुरोहित ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य अंकों की कंप्यूटर एंट्री के साथ किया जा रहा है, जिससे परीक्षाफल शीघ्र तैयार हो रहा है। मिड सेमेस्टर और आंतरिक अंकों की सिस्टम में फीडिंग के कारण परिणाम तैयार करने में सुविधा मिल रही है।
एंड सेमेस्टर परीक्षाएं एनईपी 2020 और नॉन-एनईपी दोनों पाठ्यक्रमों के अंतर्गत केन्द्राध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार की देखरेख में संचालित हो रही हैं।
केन्द्रीय मूल्यांकन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु डॉ. रवि कुमार, डॉ. प्रियांक सिंह, डॉ. सोनू कौर, डॉ. प्रियंका, एम.एन. चमोली, अजय बिष्ट, अरुण कुमार, शिल्पी तिवाड़ी, कमलेश्वर डोभाल, प्रेम सिंह, धीरज रावत सहित कई शिक्षक एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।
