प्रदेशभर में आयोजित होंगे सहकारिता मेले, “एक पेड़ माँ के नाम” थीम पर रोपे जाएंगे  एक लाख 11 हजार पौधे

प्रदेशभर में आयोजित होंगे सहकारिता मेले, “एक पेड़ माँ के नाम” थीम पर रोपे जाएंगे  एक लाख 11 हजार पौधे
Spread the love

देहरादून । सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने 22 मई 2025 को अपने शासकीय आवास पर सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी जनपदों में सहकारिता मेले आयोजित किए जाएं। ये सात दिवसीय मेले 10 दिसंबर तक आयोजित होंगे, जिनमें सहकारिता गोष्ठियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और महिला सहायता समूहों द्वारा उत्पादित वस्तुओं के स्टॉल लगाए जाएंगे।

डॉ. रावत ने बताया कि इन मेलों का उद्घाटन केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। मेलों में स्थानीय सांसद, राज्यसभा सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी। मेलों की तैयारी के लिए गढ़वाल क्षेत्र की जिम्मेदारी अपर निबंधक ईरा उप्रेती और कुमाऊं मंडल की जिम्मेदारी संयुक्त निबंधक मंगला त्रिपाठी को सौंपी गई है, जिन्हें नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि वह स्वयं जनपदों का दौरा कर इन कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारी भी जिलों में जाकर मेलों की मॉनिटरिंग करें। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के उपलक्ष्य में 10 दिसंबर तक प्रदेश की 670 समितियों के माध्यम से “एक पेड़ माँ के नाम” थीम पर 1 लाख 11 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

डॉ. रावत ने निर्देश दिए कि अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के अवसर पर प्रत्येक दिन एक कार्यक्रम आयोजित किया जाए, जिसमें विभागीय व केंद्रीय योजनाओं की जानकारी किसानों को दी जाए। उन्होंने केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।

हरिद्वार जनपद की कमजोर समितियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने उनकी स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ का टर्नओवर 500 करोड़ से बढ़ाकर 1000 करोड़ तक करने के लिए व्यावसायिक योजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

समीक्षा बैठक में सहकारिता सचिव दिलीप जावलकर, अपर निबंधक ईरा उप्रेती, आनंद शुक्ल, संयुक्त निबंधक नीरज बेलवाल, मंगला त्रिपाठी और उप निबंधक रमिंद्री मंदरवाल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles