रुद्रपुर डकैती कांड का सफल खुलासा, चार अभियुक्त गिरफ्तार

रुद्रपुर। कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के मलसी में 8 अगस्त 2026 की रात हुई डकैती की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डकैती की ₹1.26 लाख की धनराशि बरामद की है। घटना में एक बाल अपचारी की भी संलिप्तता सामने आई है।
वादी विनीत पाठक निवासी ग्राम मलसी, रुद्रपुर की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा अपराध संख्या 414/2026, धारा 310(2), 115(2) एवं 351(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस एवं एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त रूप से चार टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। इसके बाद पुलिस टीम बाल अपचारी को साथ लेकर ग्राम पसियापुर, थाना विलासपुर, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश पहुंची और दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रिंस उर्फ प्रिंसदीप सिंह पुत्र हरपाल सिंह, निवासी ग्राम पसियापुर आगनबाड़ी, पोस्ट नवाबगंज, थाना विलासपुर, जनपद रामपुर, उम्र 19 वर्ष; हरपाल सिंह पुत्र स्व. गुरनाम सिंह, निवासी ग्राम पसियापुर आगनबाड़ी, पोस्ट नवाबगंज, थाना विलासपुर, जनपद रामपुर, उम्र 48 वर्ष; हरजीत सिंह पुत्र स्व. बलवीर सिंह, निवासी ग्राम पाण्डेय निवाड़, आरटीओ रोड टैगौर तथा सतपाल सिंह पुत्र जग्गीर सिंह, निवासी ग्राम कोपा किरपाली, गुलरभोज, थाना गदरपुर, उम्र 28 वर्ष शामिल हैं। इसके अलावा एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने संरक्षण में लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,26,000 की चोरी की धनराशि बरामद की है।
घटना का खुलासा करने वाली टीम में निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू, उपनिरीक्षक खुशवंत सिंह, उपनिरीक्षक निर्मल सिंह लटवाल, उपनिरीक्षक मोहन चन्द्र जोशी, कांस्टेबल ललित मोहन, कांस्टेबल नवीन गिरी, कांस्टेबल हरीश मेहरा तथा कांस्टेबल देवेन्द्र तोम्कियाल शामिल रहे।

