भारी बारिश के अलर्ट के चलते देहरादून में 14 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

देहरादून। जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने 14 अगस्त 2026 को जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी/अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून की ओर से 13 अगस्त को जारी आदेश में बताया गया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन से संबंधित अलर्ट के अनुसार अगले 24 घंटों में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। इसे देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना की आशंका के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाया गया है।
आदेश के अनुसार जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, गैर-शासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र 14 अगस्त को बंद रहेंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को निर्देशित किया गया है कि सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए आमजन से भी सतर्कता बरतने और आवश्यक सावधानी अपनाने की अपील की है।

