रुड़की में A.N.T.F. व पुलिस की संयुक्त छापेमारी, भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद

रुड़की में A.N.T.F. व पुलिस की संयुक्त छापेमारी, भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद
Spread the love

हरिद्वार। पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। 21 मई 2025 को कोतवाली रुड़की पुलिस, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (A.N.T.F.) और ड्रग्स विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम जौरासी में एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। इस दौरान शाहरुख नामक युवक बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोर संचालित करता पाया गया।

टीम को छानबीन के दौरान एक गत्ते की पेटी से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुईं। इनमें 4800 कैप्सूल Aceteaminophen Tramadol HCL & Dicyclomine HCL, 100ml की 12 बोतल Codctuss TR कफ सिरप, 17 बोतल Kuf Relief कफ सिरप, अल्ट्रा किंग की 48 टेबलेट्स और अल्फा की 75 टेबलेट्स शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मेडिकल स्टोर से नशीली दवाएं बेचकर अर्जित ₹3550 की नगदी भी बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपी शाहरुख पुत्र मोहम्मद अनीस, निवासी ग्राम जौरासी, को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आवश्यक धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
इस संयुक्त छापेमारी में कोतवाली रुड़की प्रभारी मणि भूषण श्रीवास्तव के साथ उनकी टीम, A.N.T.F. से एसआई रंजीत सिंह तोमर के नेतृत्व में टीम तथा औषधि विभाग से ड्रग्स इंस्पेक्टर श्रीमती अनीता भारती और अन्य अधिकारी शामिल रहे।

हरिद्वार पुलिस की इस सक्रियता और लगातार की जा रही कार्यवाही से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles