पीपलकोटी में THDC टनल में मलबा-पानी आने की घटना, CM धामी ने दिए युद्धस्तर पर राहत-बचाव के निर्देश

पीपलकोटी में THDC टनल में मलबा-पानी आने की घटना, CM धामी ने दिए युद्धस्तर पर राहत-बचाव के निर्देश
Spread the love

देहरादून। जनपद चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी (THDC) टनल के भीतर मलबा एवं पानी आने की घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घटना की गंभीरता को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं। जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के निरंतर संपर्क में हैं और घटनास्थल की स्थिति की पल-पल जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक संसाधन मौके पर लगाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। साथ ही प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ईश्वर से टनल में मौजूद सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार हर संभव कदम तत्काल उठाया जा रहा है।

देवभूमि खबर

Related articles