मुख्य सचिव ने दिए सभी विभागों की बेस्ट प्रैक्टिसेज संकलित करने के निर्देश, योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर

मुख्य सचिव ने दिए सभी विभागों की बेस्ट प्रैक्टिसेज संकलित करने के निर्देश, योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर
Spread the love

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में सचिव स्तर की बैठक आयोजित की गई।

मुख्य सचिव ने बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभागों के बेहतर कार्यों की बेस्ट प्रैक्टिसेज (सफलता की कहानियां) तैयार करें। उन्होंने कहा कि ऐसी बेस्ट प्रैक्टिसेज को शामिल किया जाए जो अन्य राज्यों से अलग हों या फिर किसी राज्य द्वारा पहली बार की गई हों। यह पहल संस्थागत या व्यक्तिगत किसी भी स्तर की हो सकती है, जिसका विस्तृत प्रेजेंटेशन तैयार किया जाए।

मुख्य सचिव ने सभी सचिवों से उनके विभागों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों की जानकारी ली और उनके बेस्ट प्रैक्टिसेज के रूप में संकलन तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि अन्य लोगों को भी इससे प्रेरणा मिल सके। उन्होंने कहा कि आईटी, कृषि, उद्यान, बाल विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, सहकारिता, पशुपालन, वन विभाग, शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, आयुष जैसे विभागों में बेस्ट प्रैक्टिसेज की काफी संभावनाएं हैं।

मुख्य सचिव ने सभी सचिवों को विभिन्न विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक से अधिक ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने पर जोर दिया ताकि एक पारदर्शी, सहज, खुली और व्यवस्थित व्यवस्था विकसित हो सके।

मुख्य सचिव ने माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम का गंभीरता से पालन हो ताकि हमारे वरिष्ठ नागरिक अपने ज्ञान और अनुभव के साथ सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को इस अधिनियम का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, एल. एल. फैनई, प्रदीप पंत, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, नीतेश कुमार झा, रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, डॉ. श्रीधर बाबू आद्यंकी, चंद्रेश यादव, डॉ. आर. राजेश कुमार, दीपेंद्र कुमार चौधरी, विनोद कुमार सुमन, रणवीर सिंह चौहान और धीराज सिंह गर्ब्याल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles