पत्नी और प्रेमी ने मिलकर की पति की हत्या, दून पुलिस ने संदिग्ध मौत का किया खुलासा, हत्या के आरोप में पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
देहरादून। देहरादून की डोईवाला पुलिस ने एक संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा करते हुए पत्नी और उसके प्रेमी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए महिला ने थाने में पति की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
घटना डोईवाला क्षेत्र की है। 1 जुलाई 2025 को हेमलता नामक महिला ने अपने पति नरेंद्र सिंह की गुमशुदगी की रिपोर्ट डोईवाला थाने में दर्ज कराई थी। महिला ने बताया था कि उसका पति 28 जून को बिना बताए घर से चला गया और काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। गुमशुदगी दर्ज होने के कुछ घंटों बाद ही गूलर घाटी नदी में एक अज्ञात शव मिला, जिसकी पहचान नरेंद्र सिंह के रूप में हुई।
मामला संदिग्ध लगने पर एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने गहन जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल व अन्य साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि मृतक की पत्नी हेमलता का उसके पड़ोसी गुफरान से प्रेम संबंध था। पूछताछ में गुफरान ने जुर्म कबूल कर लिया।
गुफरान ने बताया कि नरेंद्र को उसके और हेमलता के रिश्ते की जानकारी मिल गई थी। इस कारण आए दिन घर में विवाद होते थे। इसी से परेशान होकर हेमलता और गुफरान ने नरेंद्र को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 28 जून को गुफरान ने नरेंद्र को गूलर घाटी नदी किनारे शराब पिलाने बुलाया। शराब में चूहे मारने की दवा मिलाकर पिलाई गई। जब नशा ज्यादा हो गया तो गुफरान ने नरेंद्र का सिर पकड़कर नदी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी और शव वहीं फेंक दिया।
पुलिस के मुताबिक हत्या के तीन दिन बाद हेमलता ने पति की गुमशुदगी दर्ज कराई ताकि शक न हो। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त साक्ष्य जुटाकर हेमलता और गुफरान को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ थाना डोईवाला में केस दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम में निरीक्षक कमल कुमार लुंठी (प्रभारी), वि.उ.नि. विनोद सिंह राणा, उ.नि. रघुवीर कपरवाण, म.उ.नि. भावना, अ.उ.नि. प्रेम सिंह बिष्ट, कां. दिनेश रावत, कां. रविंद्र टम्टा, कां. तरुण चौहान, कां. सुरेंद्र सिंह, कां. सलेकचंद, कां. सुमित कुमार, म. कां. बबीता रहे

