मुख्यमंत्री धामी ने जनसमस्याओं पर की फरियादियों से बात, अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजे गए शिकायती पत्रों का संज्ञान लेते हुए फरियादियों से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इन पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
डोईवाला तहसील के शेरगढ़ निवासी कर्मचंद ने सिंचाई नहर टूटने की शिकायत की थी, जिससे उनके खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही थी। मुख्यमंत्री ने उनकी बात सुनने के बाद प्रमुख अभियंता, सिंचाई विभाग को इस मामले में तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।
इसी तरह मेजर नरेश कुमार सकलानी ने अपनी भूमि पर निजी व्यक्तियों द्वारा अतिक्रमण कर लघु सिंचाई नहर बनाए जाने की शिकायत की, जिस पर मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारी देहरादून को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कैनाल रोड निवासी धीरेंद्र शुक्ला ने बिल्डर द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर मुख्यमंत्री ने एमडीडीए को जांच कर कार्रवाई करने को कहा।
विकासनगर, दिनकर विहार निवासी विशन दत्त शर्मा की सड़क से संबंधित शिकायत पर मुख्यमंत्री ने सचिव, लोक निर्माण विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनता के पत्र सिर्फ कागज नहीं, उम्मीद और विश्वास का प्रतिबिंब होते हैं। आज ऐसे ही कुछ शिकायती पत्र पढ़ने के बाद मैंने संबंधित शिकायतकर्ताओं से बात की और अधिकारियों को इन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। समाधान ही हमारी सरकार की कार्यशैली की सबसे बड़ी पहचान है।

