आयुक्त गढ़वाल मंडल ने खानपुर विधानसभा के चार मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण

Spread the love

हरिद्वार। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने गुरुवार को विधानसभा खानपुर के अंतर्गत चार मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति का जायजा लिया।

उन्होंने मतदेय स्थल संख्या 36 राजकीय प्राथमिक विद्यालय भारूवाला, 71 राजकीय प्राथमिक विद्यालय शेखपुरी, 114 राजकीय प्राथमिक विद्यालय जबरदस्तपुर तथा 172 राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय ढंडेरा का भ्रमण किया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने एईआरओ और बीएलओ को मतदाता सूची पूर्णतः त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम किसी भी स्थिति में सूची में शामिल न किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि मतदाताओं के नाम, पते, मृत्यु अथवा स्थान परिवर्तन से संबंधित त्रुटियों का सत्यापन संबंधित क्षेत्र के लिए नियुक्त बीएलए-2 के सहयोग से किया जाए। संबंधित मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करते हुए यह भी ध्यान रखा जाए कि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से पृथक न हो और अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न किया जाए।

आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बीएलओ को क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर शेष मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने तथा पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे एसआईआर कार्य में सजगता के साथ बूथ लेवल अधिकारियों का पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ पुनरीक्षण कार्य संपन्न करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी लक्सर अनिल शुक्ला, नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बिनवाल, तहसीलदार रुड़की विकास अवस्थी, तहसीलदार दीवान सिंह राणा, संबंधित एईआरओ, बीएलओ तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles