मौसम खुलते ही नैनीताल के बाजारों में उमड़ी बहनों की भीड़

Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी, नैनीताल

नैनीताल। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व नजदीक आते ही सरोवर नगरी नैनीताल के बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। पिछले कुछ दिनों से खराब मौसम के बाद अचानक मौसम साफ होने पर बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों के लिए रंग-बिरंगी राखियां और मिठाइयां खरीदने बाजार पहुंचीं।

रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में दुकानदारों ने विशेष तैयारियां की हैं। दुकानों पर पारंपरिक राखियों के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से आई आकर्षक राखियों की भी बड़ी रेंज उपलब्ध है। अलग-अलग रंग, डिजाइन और सजावट वाली राखियां महिलाओं और युवतियों को खूब आकर्षित कर रही हैं।

बाजार में बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए कार्टून कैरेक्टर और रंगीन राखियां भी उपलब्ध हैं। दुकानदारों के अनुसार ग्राहकों की पसंद में इस बार काफी विविधता देखने को मिल रही है। कुछ लोग पारंपरिक राखियां पसंद कर रहे हैं, तो कई बहनें अपने भाइयों के लिए नए और आकर्षक डिजाइन वाली राखियां खरीद रही हैं।

राखी के साथ मिठाइयों की खरीदारी के लिए भी परिवार बाजारों में पहुंच रहे हैं। रक्षाबंधन पर्व की खरीदारी बढ़ने से स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर भी खुशी नजर आ रही है। पिछले कुछ दिनों से मौसम खराब होने के कारण बाजार में अपेक्षाकृत कम चहल-पहल थी, लेकिन मौसम साफ होते ही राखी और मिठाई की दुकानों पर रौनक लौट आई।

रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और स्नेह को मजबूत करने का अवसर भी है। बहन भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसके सुखी और सुरक्षित जीवन की कामना करती है, वहीं भाई बहन को उपहार देकर हर परिस्थिति में उसका साथ देने और उसकी रक्षा का संकल्प लेता है।

देवभूमि खबर

Related articles